Agents of Ishq Loading...

मेरी कामुक दोस्तीयो में कामुक खिंचाव

क्या दो दोस्तों के बीच आकर्षण और कामुकता हो सकती है?

“पहले ये पढ़ो| इसमें वो सब लिखा है, जो मैं बोलना चाहती हूँ |” उसने लेटर देते हुए कहा| हमें वो लेटर पढ़ने की ज़रुरत नहीं थी | जो प्यार भरी फ़ीलिंग उसने लेटर में शायद बयान की थी, वो हम उसके चेहरे पर साफ़ साफ़ देख सकते था | ऐसे नाज़ुक पल में, हम सच बोल कर उसका दिल नहीं तोड़ना चाहते थे | पर अब कोई चारा भी नहीं था | हमने आनन फ़ानन, उसको अपना सच बोल दिया, कि हम गे हैं | उसने एक झटके में लेटर हमारे हाथ से लेकर, फाड़ कर फ़ेंक दिया| हमने कुछ रियेक्ट नहीं किया| चुपचाप बेंच पर बैठे रहे | उसे इस झटके से उबरने का समय दिया | धीरे धीरे जब वो नार्मल हुई, हमने बात करनी शुरू की । उसके बाद हम वहाँ दो घंटे और थे | बारिश और तेज़ होने लगी थी| बाकी गार्डन में वाक करने वालों की घूरती, पुलिसिया नज़रों में हम दोनों, एक कपल थे | जो जुलाई की गीली बारिश में, बड़े पेड़ के नीचे बेंच पर बैठे, दुनिया से बेख़बर, आपस में मशगूल थे | पर हमारी यार की नाराज़गी हमारी पहचान से नहीं थी, वो इस बात पे गुस्सा थी कि हमने उसको अपना राज़दार बनने के लायक भी नहीं समझा| और उससे अपनी सच्चाई छुपाई रखी | हमारे सेक्सुअल पहचान का राज़, जो हमारे तीन करीबी दोस्तों को मालूम थी, पर उसको नहीं | अलंकृता उस वक़्त उस छोटे से ग्रुप का हिस्सा नहीं थी, हमारे वो दोस्त जिनपे हम आँख मूँद के विश्वास कर सकते थे | और हमें उस टाइम लगा था कि अगर उसे सच का पता चलेगा,  तो वो हम से कभी बात नहीं करेगी |  उस मुलाक़ात के हफ़्तों बाद तक, अलंकृता खुद को ही कोसती रही, बार बार ये कहती रही कि वो कितनी बेवकूफ़ थी | पर क्या वो सही में बेवकूफ़ थी? उसे लगा था, कि हमारे बीच जो एक टेंशन था, उसको उसने गलत समझा था | जिस तरह का विश्वास और करीबीपन वो हमारे साथ महसूस करती थी, वैसे उसने स्ट्रेट मर्द के साथ कभी महसूस नहीं किया था | हमारे बीच एक अलग ही कनेक्शन सा था| हमारी छुअन में | प्यार भरी छुअन की एक मिठास थी| जिस तरह हम एक दूसरे को प्यार से छूते थे वो मुझे भी बहुत पसंद था | हम अक्सर ही एक दूसरे से चिपक कर बैठे हुए पाये पाए जाते थे । अगर वो मर्द होती तो मेरे दिमाग में उसके साथ सेक्स करने का आईडिया ज़रूर आता | माना कि हम दोनों सेक्सुअल रिलेशनशिप में नहीं थे, पर क्या इससे हमारे बीच का वो टेंशन कुछ भी मायने नहीं रखता था? हम दोनों के बीच कामुक टेंशन अभी भी थी | पर अपनी पहचान के बारे में, हमारे उस खुलासे ने, हम दोनों के बीच का इक्वेशन बदल गया | क्योंकि हमारे समाज में अलग अलग रिलेशनशिप को अलग अलग सीमाओं में बाँध कर रखा जाता है | हर रिलेशनशिप के लिए अलग अलग नियम पहले से ही बना कर रखे हुए हैं |  जब हम नेशनल इंस्टिट्यूट ऑफ़ टेक्नोलॉजी में थे, तो वहाँ भी लोग रेलेशन्शिप के अनकहे रूल्ज़ फ़ॉलो करते थे | अगर एक लड़का और लड़की के बीच थोड़ा सा भी आकर्षण हो, तो अगला कदम प्रोपोज़ करना ही होता था| उनके बारे में खुसुर-फ़ुसुर शुरू हो जाती| क्योंकि समाज में एक रिलेशनशिप को इसी तरीके से देखा जाता है | अगर आपको कोई प्रोपोज़ करे, तो ऐसा लगने लगता, जैसे आप लाइफ़ के ख़ेल में एक लेवल आगे बढ़ गए । सिंगल लोगों की स्टॉल वाली सीट से, आप यूँ  गर्लफ्रेंड बॉयफ्रेंड वाली बाल्कनी पर पहुँच जाते थे | चूंकि मैंने अपनी सच्चाई किसी को नहीं बताई थी, तो लोगों ने मुझे स्ट्रेट ही मान लिया | बाहर की दुनिया की तरह ही, वहाँ इंस्टिट्यूट में भी रोमांटिक रिलेशनशिप को सबसे टॉप स्थान दिया जाता था। सबकी फेवरेट | उसके बाद दोस्ती का नम्बर आता | लेकिन प्यार और दोस्ती के बीच भी एक ज़ोन होता है | जिसके बारे में कोई बात नहीं करना चाहता और ना ही इसमें होने का कोई इकरार भी करता है| लोग अपने  जिस दोस्त को ‘उस तरह’ से नहीं चाहते, उसको फ्रेंडज़ोन के कैदखाने  में बंद कर देते, यानी उस दोस्ती को उन सीमाओं में कस के बाँध दिया जाता | इसमें वो लोग शामिल होते थे , जो अपने किसी एक दोस्त से थोड़े ज़्यादा करीब होते हैं, पर उन्हें अपने दोस्त के लिए, ‘वो वाली फ़ीलिंग’ नहीं आती | जैसे कामुकता और दोस्ती का कोई मेल ही नहीं | दो दोस्तों के बीच, बिना सेक्स हुए, आकर्षण होना लोगों के समझ के बाहर था| ये माना जाता था कि दोस्तों के बीच आकर्षण नहीं हो सकता | और अगर आकर्षण है, तो सेक्स भी होगा ही। सेक्स के बात करें,  तो यहाँ  पर भी लोगों ने रास्ता फिक्स कर रखा था:  इसके चार लेवल थे, जो लोगों द्वारा ही बनाये गए थे | जिसके अनुसार, शुरुआत चुम्मे/किस से होती है, और सेक्स पर सफ़र खत्म होता है । इन रूल्ज़ को सब फ़ॉलो करते थे। और जो इन नियमों का उल्लंघन करते, उनको फ़िर से ज़ीरो पे से शुरुआत करनी पड़ती | अलंकृता के प्रपोज़ल को ठुकरा देने के बाद, हमारे बीच उस मीठी छुअन की कोई जगह ही नहीं रही | हमने इस नयी दोस्ती के रूल्स में फ़िट होने की कोशिश की | पर धीरे धीरे, हम दोनों के बीच का कनेक्शन ऐसा टूटा कि फ़िर जुड़ ना पाया | और हमारे रिश्ते का एक खामोश अंत हो गया | अलंकृता से अलग होने के समय तक, हमारे दिमाग का घड़ा सवालों से भर चुका था | ये जिसको सेक्स कहते हैं, इसकी शुरुआत कहाँ होती है? अगर किसी को पसंद करो, तो लोग ये क्यों पूछते कि बात कितने आगे बड़ी ? ज़रूरी है अगर किसी को पसंद करने का अंत बिस्तर पर ही हो? किसी को अगर चाहो तो लोग ये पहले क्यों पूछते हैं, कि मामला कितना आगे बढ़ा? दो लोगों के बीच जो एक अनकहा, मीठा सा एहसास होता है, ज़रूरी तो नहीं की आगे चल के उसका अंत  सेक्स ही हो? चाहत और कामुकता केवल शारीरिक ही होती है? मन की ख़ुशी का क्या? हर रिश्ते को पूरा करने के लिए, क्या सेक्स होना ही चहिये? क्या हम अपने किसी दोस्त को अपनी जान से ज़्यादा करीबी साथी नहीं बुला सकते? किसी दोस्त के साथ बिना सेक्स के, रिलेशनशिप नहीं हो सकता है? हम दोस्ती के पानी में जितना उतरते गए, सेक्स, चाहत और प्यार के बारे में हमारे ख्याल बदलते गए | अलंकृता के बाद जिस भी लड़की के करीब होते, हम उसे अपनी सच्चाई बता देते | ताकि उनके लिए, दोस्ती वाली फ़ीलिंग के अलावा, कोई दूसरी फ़ीलिंग एक हलकी, गीली, मदहोश सी धुंध बनके, हमारी दोस्ती पे फैल न जाए | और हम इस तरह की फ़ीलिंग को अपने अंदर उठने से रोक सकें। यानि हमारे मन में आदर्श फ्रेंडशिप वो थी जिसमें कुछ भी सेक्सुअल ना हो | और हम इस तरह अपनी दोस्तियों को उस मुकाम पर ले जाने की कोशिश कर रहे थे | बड़ी ही बेकार कोशिश थी | आँचल और हम ड्रामेटिक सोसाइटी में थे | हमारी मुलाक़ात, उसी के ज़रिये हुई | हमने साथ में कई ड्रामे लिखे, डायरेक्ट किये और एक्टिंग भी की | रोज़ रिहर्सल के बाद होस्टल जाते समय, हमारी बात होती थी | हम एक दूसरे से काफ़ी ओपन थे| ख़ुशी में एक दूसरे का हाथ थामना, बीच सड़क गले लगाना, बर्थडे में स्पेशल गिफ़्ट्स बनाना, लम्बे वॉक्स पर जाना और एक दूसरे की तारीफ़ करना | उसे सच बताने में हमें कोई परेशानी नहीं हुई | हाँ, उसे भी बाकी लड़कियों की तरह लगा था कि हम उसे प्रोपोज़ कर रहे हैं | पर उसने खुले दिल से हमें एक्सेप्ट करते हुए कहा, “अरे आदि, अब हम साथ में लड़के ताड़ेंगे |” उसका जवाब सुनकर हम तो लाल ही हो गए | उसके साथ अपने दिल की इतनी प्राइवेट बात शेयर करके, हम और करीब आ गए | हमने ऐसा किसी और के साथ पहले कभी नहीं किया था | अब हम अपनी फंतासी और चाहतों के बारे में, खुलकर एक दूसरे से बात कर सकते थे | उसके साथ हमें काफ़ी कम्फ़र्टेबल लगता था| क्योंकि बिना घबराए हुए, हम उसके साथ कुछ भी शेयर कर सकते थे | और उस शेयर करने का, हमारी दोस्ती पर कोई असर नहीं पड़ता था | हम एक दूसरे के साथ  सेक्स करने में इंटरेस्टेड नहीं थे | पर चांदनी रातों में एक दूसरे के साथ टहलते हुए, जो कामुक आकर्षण हम  महसूस करते थे, वो हमें अच्छा लगता था | हमें एक दूसरे के करीब रहना अच्छा लगता था| साथ में चीज़ें करना, एक दूसरे की बात सुनना अच्छा लगता था | लोग हमें  कपल ही मानते थे| क्योंकि हम वैसा ही बर्ताव करते दिखते थे | हमें अपने बारे में हर तरह की कहानी और गॉसिप सुनने में मज़ा आता था | हमने और आँचल ने अपने रिश्ते को किसी ख़ास वर्ग में फ़िट होने के लिए अपनी फीलिंग्स या आकर्षण को बदला नहीं - गे लड़का और स्ट्रेट लड़की की दोस्ती के आदर्श केटेगरी में फ़िट होने की कोशिश नहीं की| इसकी ज़रुरत ही नहीं पड़ी | उसके पहले बॉयफ्रेंड ने हमें इस केटेगरी में फ़िट करने की कोशिश की थी| क्योंकि शायद उसके लिए, हमारे और आँचल के रिश्ते को समझना मुश्किल था | या फिर ये, हमारे रिश्ते को एक्सेप्ट करने का, उसका तरीका था | हमारा ऐसा कनेक्शन, स्ट्रेट मर्दों के साथ नहीं हुआ | ज़्यादा देर तक हम उनके साथ नहीं निभा सकते थे | उनसे बात करते वक़्त भी हमारे दिमाग के पीछे ये ही चलता रहता था, कि हम में और उनमें फ़र्क है | ऐसा नहीं था कि हमारे बीच कामुक भावना की कमी थी | एक बार हम एक दोस्त के साथ एक शो की तैयारी कर रहे थे | उसमें बहुत से सीन में हम दोनों काफ़ी करीब थे | रिहर्सल के दौरान हमने बिना ये डांस जाने, बॉलरूम डांस किया | एक दूसरे के इतने करीब थे, कि हम एक दूसरे की साँसों की गर्माहट एक दूसरे पर महसूस कर सकते थे | उसके बाद रिहर्सल में, हम कभी शादी शुदा कपल्स बने, या मालिक और नौकर जो बाद में प्रेमी बन गए | प्रैक्टिस ज़्यादा दिन नहीं चली, पर उसके बाद भी लोग सोशल मीडिया पर हमारी परफॉर्मेंस की तारीफ़ करते रहे | जिसे देख कर हम दोनों थोड़े लाल हो जाते थे। पर ये इक्वेशन तब तक ही रहा जब तक उसे मेरी सच्चाई का पता नहीं चला | उसके बाद तारीफें भी रुक गयीं, और हम दोनों के बीच भी सिर्फ़ अजीब सा हाई-हेलो ही रह गया | वो भी सिर्फ़ कैंटीन में होता था जहाँ एक दूसरे को इग्नोर करना मुश्किल था | एक बार हमने कॉलेज जूनियर को बताया कि हम गे हैं | तो उसका पहला सवाल था कि  कहीं  इंटरेस्टेड तो नहीं हैं? “मैं  स्ट्रेट हूँ |” इन स्ट्रेट मर्दों के अंदर, आपसी दोस्ती में अगर आकर्षण या शारीरिक करीबीपन का एहसास होने लगता है, तो वो थोड़े सकपका से जाते हैं| क्योंकि ये उनके स्ट्रेट होने के रूल्स के ख़िलाफ़ जाता है | जिसे वो समझ नहीं पाते | उन्हें अपनी सेक्सुअलिटी के सच का सामना करने में डर लगता है | वो इस फ़ीलिंग को नाम नहीं दे पाते या सकते हैं | इसे समाज के रूल्स के अंदर नहीं बांधा जा सकता | हमारा तो यही तजुर्बा रहा है | हमने इसके बारे में उनसे बातचीत नहीं की | क्योंकि हमें डर था कि कहीं उन्हें हमारी बातें , उनकी मर्दानगी पर सवाल उठाने जैसी न लगें | और गुस्से में हमारे मुंह पर एक घूँसा रसीद कर दिया  जाए| पर कॉलेज में कुछ लड़के थे, जिनके हम करीब आये | शायद जैसा हम आँचल के साथ फ़ील करते थे, वैसे ही वो हमारे साथ करते थे? पर उनके लिए इस फ़ीलिंग को समझना मुश्किल था | उनके पास इस के लिए कोई  नाम नहीं  था| शायद उन्हें पता नहीं था कि सेक्स के बिना भी, दोस्ती में नज़दीकियां संभव हैं | और इस किस्म की कामुकता को समझने और अपनाने की कोशिश करनी चाहिए | हमारा एक बाईसेक्सुअल दोस्त है, सुयश | दोस्ती में आकर्षण को लेकर उसके हमसे अलग अनुभव थे | उसकी कामुकता ने, स्ट्रेट मर्द के साथ उसकी दोस्ती को, और पक्का कर दिया | अपने दोस्त के बारे में उसने बताया, “तनवीर से जब मिला था तो मुझे शुरुआत में  इंटरेस्टिंग लगा था|  पर उतना पसंद नहीं आया था | उसे देख कर थोड़ा डर भी लगता था | मेरे इर्द गिर्द के और सिस-विषमलैंगिक आदमियों जैसे| फिर हम साथ टाइम बिताने लगे और मैं ये समझा कि उससे घबराने की ज़रुरत नहीं | कि उसके साथ मैं खुला महसूस करता था | इस तरह हम एक दूसरे  के करीब आये| हमारी दोस्ती बढ़ी | एकदम जय-वीरू वाली दोस्ती थी हमारी | उसके लिए मेरी चाहत भी तभी बढ़ी | एक बार मुझे घर बदलना पड़ा | पर मैं उसके फ्लैट में नहीं जाना चाहता था | ‘नहीं जायगा तू , और किसी के साथ नहीं जायेगा | चल मेरे साथ ही रहेगा तू,’ वो हर  बार बोलता था | और आखिर में कई इमोशनल कॉल्स के बाद, और बाकी सारे रास्ते बंद कर के ,उसने मुझे उसके साथ रहने को मना ही लिया| फ़िर मैंने उसे अपनी सच्चाई बता दी| इसके बावजूद की मैं उसे पसंद करता हूँ , उसने हमारी दोस्ती नहीं तोड़ी| ज़्यादातर स्ट्रेट मर्द मेरी सच्चाई जानकार, थोड़े घबरा जाते हैं | पर तनवीर के साथ  मेरे सच बोलने के बाद भी, हमारी दोस्ती और पक्की होती गयी |  अपने ऐल.जी. बी. टी. क्यू+ दोस्तों के साथ, हमारी अनकही फ़ीलिंग्स शेयर करना आसान था | हम अपनी चाहतों और दोस्ती को बिना नाम दिए, उन्हें बढ़ने की आज़ादी दे सकते थे| उन्होंने हमें प्यार के नए मायने दिए| ताकि बिना किसी उम्मीद या समाज के रिलेशनशिप के नियमों का पालन किये, हम अपनी फीलिंग्स को दिल खोल कर अपना सकें | उनका जश्न मना सकें| इसकी झलक हमें अपने एक क्वीयर फ्रेंड में दिखी | उसका नाम रमन था | वो गुजरात नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी का स्टूडेंट था | उसने अपनी दोस्ती का राज़ बताया | जो उसे और उसकी महिला दोस्तों के रिश्ते को  मज़बूत करती है, “मेरी एक दोस्त दूसरी यूनिवर्सिटी में पढ़ती है | हम लोग एक दूसरे को तन और मन, दोनों से जानने की कोशिश कर रहे हैं | मेरे बारे में सब जानती है | वो जानती है कि मैं गे हूँ | हम वो सब करते हैं जो एक नार्मल कपल करते हैं | हम दोनों रिलेशनशिप में नहीं हैं | और वो ये भी जानती है, कि मुझे लड़कियों में कोई दिलचस्पी नहीं है| पर हम दोनों को एक दूसरे के साथ हम-बिस्तर होना अच्छा लगता है | इसे समझना थोड़ा मुश्किल है ,पर हमारे बीच का सेक्स थोड़ा अलग सा है | वो केवल शारीरिक सुख तक सीमित नहीं है | हम दूसरे को अपने हुक -अप्स/ hook ups के बारे में बताते हैं| मैं उससे पूछता हूँ कि उसे बिस्तर पर क्या अच्छा लगता है | उसे क्या मज़ा देता है| ताकि मैं भी उसे वो सुख का अनुभव करा सकूँ | हम दोनों एक दूसरे के सामने खुली किताब से हैं | ना कोई शर्म है, या कोई पर्दा| इतना ओपन तो मैं मर्दों के साथ भी नहीं हूँ, हालांकि उनके साथ मुझे सेक्स करना अच्छा लगता है | पर इन लड़कियों को हमसे ऐसी कोई उम्मीद नहीं होती है | जिससे हम दोनों अपनी बॉडी को लेकर कम्फ़र्टेबल महसूस करते हैं | कई बार लगता है मर्दों के मुकाबले औरतें ज़्यादा सेंसिटिव, और अपनाने की ताकत रखती हैं | मैं भले ही मर्दों की तरफ़ आकर्षित हूँ | पर औरतों के साथ एक अपनापन और क़रीबपना महसूस करता हूँ | मुझे स्ट्रेट मर्दों से बात करना अच्छा नहीं लगता है | क्योंकि उन्हें लगता है, कि मैं उन पर लाइन मार रहा हूँ | और वो मेरा मज़ाक बनाते हैं| उनका ईगो शीशे की ग्लास की तरह होता है | एक गे आदमी के आसपास वो असुरक्षित महसूस करते हैं| क्या पता अगर उन्हें ये गे इंसान पसंद आ जाए, और छन्न से उनका ईगो टूट जाए? मैं खुद का परिचय, अब क्वीयर के रूप में देता हूँ | क्योंकि मेरी दोस्त की तरफ़ मेरी फीलिंग्स, क्वीयर हैं| मुझे लगता है दोस्ती में कोई नियम नहीं होने चाहिए कि ये कर सकते हैं ,ये नहीं कर सकते हैं | दोस्ती में एक दूसरे को समझने की ज़रुरत होती है |” हर दोस्ती अलग होती है | उन्हें एक ही मापदंड से नहीं मापा जा सकता है |  अनामिका और क्रिया, लखनऊ में रहने वाली, हमारी दो हिजड़े दोस्त हैं, जो इस तरह की दोस्ती निभा रही हैं | “कभी ये मेरी हस्बैंड बन जाती हैं, कभी मैं इनकी हस्बैंड बन जाती हूँ|” अनामिका को कंधों से बाहों में लेते हुए क्रिया  बताती है | कई मर्द उनके साथ सेक्सुअल रिलेशनशिप रखना चाहते हैं | पर वो उन्हें अपनी दूसरी औरत के रूप में देखना चाहते हैं | ना ही उनको पार्टनर का दर्जा मिलता है और हिजड़ा कम्युनिटी की होने के कारण, उन्हें औरत से कम ही समझा जाता है | मर्दों के साथ सेक्सुअल रिलेशनशिप में उनको कोई कामुक आकर्षण महसूस नहीं होता है | केवल आपसी दोस्ती में ही वो इसे महसूस कर पाती हैं| इस तरह वो ज़िन्दगी को नए आत्मविश्वास के साथ जी रही हैं | और साथ ही प्यार के नए अवतारों से मुलाकत होती है, जो जीने के लिए ज़रूरी होते हैं | इन रिश्तों को समाज अपने बनाये हुए नियमों और तरीकों के आधार पर,  नाम कैसे दे पायेगा ? क्या वो शादी शुदा हैं? या फ़िर ये दोस्ती ऐसे ही काम करती है | सुयश फ्रेंडज़ोन के बारे में कहता है, “फ्रेंडज़ोन बड़ा ही नेगेटिव शब्द है | इससे दो लोगों के बीच के रिश्ते की इम्पोर्टेंस कम हो जाती है | ये सब शब्द, अपने साथ खुद के नियम ले कर आते हैं |”  ये हदें हमारी ज़िन्दगी को दिशा देती हैं | पर एक गहरे, काम्प्लेक्स रिलेशनशिप से वंचित भी कर देती हैं | और इन रिश्तों का अपमान कर देती हैं | हमारी समझ में एक बात आ गयी है | कि दोस्ती को किसी हद के अंदर नहीं बाँध सकते | प्यार को हमें थोड़ा क्वीयर रंगों वाले चश्मे से देखना चाहिए, ऐसे रूप में, जहाँ कोई ऊंच नीच नहीं है | उसमें सब तरह के प्यार की जगह है | यूं हम अपनी ज़िन्दगी, अपनी सच्चाई को अपना कर, जी सकते हैं | किस करना, केवल रोमांस तक ही सीमित क्यों हो? अगर अपने दोस्तों के साथ हमारे कामुक आकर्षण से भरे रिश्ते, हमारे सेक्सुअल पार्टनर्स के साथ हमारे रिश्ते जितने अहम् हों, या उससे ज़्यादा, तो क्या हो ? समाज द्वारा बनाये गए रिश्तों के रूल्स के अलावा, हम अलग अलग तरह की  दोस्ती के लिए कैसे जगह बना सकते हैं? अगर हम इन जज़्बातों को नाम दे सकें, इनका इज़हार करने की हिम्मत करें, तो हम अपने को किस नई दुनिया में पाएंगे ?   आदित्य विक्रमअपनी सुबह, बिना खिड़की के रूम में ,कविता लिख कर बिताते हैं | और शाम छत पर नाच कर | उनकी कविताओं के विषय, क्वीयर आज़ादी, पिता पुत्र के रिश्तों ,और कुछ खो डालने के बाद की स्तिथि को लेके हैं | आजकल वो अशोका यूनिवर्सिटी में अंग्रेजी में मास्टर्स कर रहे हैं |
Score: 0/
Follow us: